जादूगोड़ा के नारवा पोस्ट ऑफिस में करोड़ों का फर्जीवाड़ा, खाताधारकों का हंगामा, अस्थाई कर्मी पर आरोप
राष्ट्र संवाद मुख्य संवाददाता
जादूगोड़ा स्थित यूसील के नारवा पहाड़ पोस्ट ऑफिस में इन दिनों भारी हंगामा मचा हुआ है। स्थानीय खाताधारकों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके खातों में जमा राशि का फर्जीवाड़ा किया गया है। इस मामले में पोस्ट ऑफिस के अस्थाई कर्मी कपिल कुमार भगत को मुख्य आरोपी बताया गया है।

खाताधारक मंगल गोप ने बताया कि उन्होंने अपने खाते में ₹2,52,000 जमा किए थे, लेकिन उनके खाते में मात्र ₹75,000 की ही एंट्री पाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पोस्ट ऑफिस के कर्मचारी और विशेषकर अस्थाई कर्मी कपिल भगत ने मिलीभगत कर यह घोटाला किया है। ग्राहकों को जमा के समय स्टांप लगाकर पासबुक तो दे दिया जाता था, लेकिन वास्तविक रूप से पैसे को खाते में नहीं डाला जाता था।

इस तरह की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। प्रतिदिन दर्जनों लोग अपने खातों की जांच कराने पहुंच रहे हैं, और कई मामलों में यह सामने आ रहा है कि उनकी जमा राशि खाते में दर्ज ही नहीं है। अनुमान लगाया जा रहा है कि अब तक ₹2 से ₹3 करोड़ रुपये तक का फर्जीवाड़ा हो चुका है।

बताया जा रहा है कि कपिल कुमार भगत पूर्व में भी साइबर अपराध के आरोप में घाटशिला जेल जा चुका है। उसके जेल जाने के बाद यह घोटाला सामने आया है। स्थानीय लोग उसके कोकदा स्थित आवास पर जाकर प्रदर्शन कर रहे हैं और अपने पैसे की मांग कर रहे हैं। साथ ही कई ग्राहकों ने पोस्ट ऑफिस के अन्य कर्मचारियों और बैंक कर्मियों पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया है।

कपिल भगत पिछले सात वर्षों से नारवा पोस्ट ऑफिस में कार्यरत था और इसी दौरान यह घोटाला अंजाम दिया गया। जादूगोड़ा पुलिस द्वारा उसे साइबर अपराध के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। हालांकि, अब तक इस फर्जीवाड़े के मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है, लेकिन स्थानीय लोग आक्रोशित हैं और जल्द ही थाने में मामला दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं।

पोस्ट ऑफिस के कर्मी दिलीप कुमार गोप ने भी स्वीकार किया है कि यह घोटाला अस्थाई कर्मी कपिल कुमार भगत द्वारा किया गया है। फिलहाल नारवा पोस्ट ऑफिस में लगातार दूसरे दिन भी हंगामे की स्थिति बनी रही। लोगों की बढ़ती भीड़ और उनकी नाराजगी को देखते हुए प्रशासन को जल्द कार्रवाई करनी पड़ सकती है।


