पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने दी गुरूजी को अंतिम विदाई, किया भावुक पोस्ट – कहा “अंतिम जोहार बाबा”
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जमशेदपुर:
पूर्व मुख्यमंत्री एवं झारखंड आंदोलन के प्रणेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। झारखंड सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी गुरूजी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने गुरूजी को “अंतिम जोहार” अर्पित किया और उन्हें अपना अभिभावक बताया।

बन्ना गुप्ता ने लिखा:
“मेरे राजनीतिक जीवन के आप सिर्फ अभिभावक न थे, बल्कि संघर्ष के जीवन से लेकर विपरीत परिस्थितियों तक मेरे मार्गदर्शक रहे। जब भी चाहा, आपका स्नेह, आशीर्वाद और सानिध्य प्राप्त हुआ। बाबूजी के जाने के बाद मैंने आपको अपना अभिभावक माना और आपने एक पिता के रूप में सदैव स्नेह दिया।”

भावुक होते हुए उन्होंने आगे लिखा –
“आज मन द्रवित है, मायूस है, दुःखी है। एक राजनीतिक शून्यता और नेपथ्य के वातावरण के बीच झारखंड के हर कोने-कोने से सिर्फ एक ही आवाज गूंज रही है – गुरूजी अमर रहें! शिबू सोरेन अमर रहें!”

इस श्रद्धांजलि संदेश ने झारखंड की राजनीति में शिबू सोरेन के गहरे प्रभाव को एक बार फिर उजागर कर दिया है। बन्ना गुप्ता की यह पोस्ट न केवल व्यक्तिगत जुड़ाव को दर्शाती है, बल्कि झारखंडी अस्मिता और आंदोलन की उस विरासत को भी नमन करती है, जिसकी नींव गुरूजी ने रखी थी।

