सहयोग बहुभाषीय साहित्यिक संस्था की आम सभा में नई कार्यकारिणी का गठन
डॉ. संध्या सिन्हा निर्वाचित अध्यक्ष, वर्षभर के साहित्यिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 10 मई। तुलसी भवन के चित्रकूट कक्ष में रविवार को “सहयोग” बहुभाषीय साहित्यिक संस्था की आम सभा आयोजित की गई। बैठक में संस्था की नई कार्यकारिणी समिति का सर्वसम्मति से पुनर्गठन किया गया तथा वर्ष 2026-27 के लिए साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई। नई कार्यकारिणी में डॉ. संध्या सिन्हा को अध्यक्ष चुना गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सहयोग गीत से हुआ, जिसकी रचना एवं प्रस्तुति डॉ. रागिनी भूषण ने की। इसके बाद सरस्वती चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया।
स्वागत भाषण में डॉ. जूही समर्पिता ने संस्था की 25 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उन दिवंगत साहित्यकारों को स्मरण किया, जिन्होंने संस्था के गठन और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें बच्चन पाठक ‘सलिल’, निर्मल मिलिंद, स्वर्णा सिन्हा और प्रतिभा प्रसाद प्रमुख रहे।
साहित्यिक सत्र में पुष्पांजलि मिश्रा ने लघुकथा प्रस्तुत की, जबकि माधुरी मिश्रा, प्रणति सिन्हा, निशीथ सिन्हा, डॉ. आशा गुप्ता और रीना सिन्हा ने अपनी स्वरचित कविताओं का पाठ किया।
आम सभा में सर्वसम्मति से पुस्तक समीक्षा, कबीर जयंती, कथा गोष्ठी, प्रेमचंद जयंती, दिनकर जयंती, बहुभाषीय काव्य संध्या, भक्तिरस की बयार, ऋतु भाव संप्रेषण, वनभोज, होली मिलन तथा वार्षिक आम सभा सहित वर्षभर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
पूर्व अध्यक्ष डॉ. मुदिता चन्द्रा ने अपने संबोधन में कहा कि सदस्यों के सहयोग से ही संस्था का रजत जयंती समारोह और वार्षिक आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। संस्था की सक्रिय सदस्य अनिता सिंह ने नई कार्यकारिणी में युवा सदस्यों को अवसर दिए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की और विश्वास जताया कि संस्था नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।
नई कार्यकारिणी के प्रमुख पदाधिकारी
अध्यक्ष – डॉ. संध्या सिन्हा
कार्यकारी अध्यक्ष – डॉ. जूही समर्पिता
उपाध्यक्ष – डॉ. पुष्पा कुमारी, डॉ. पामेला घोष दत्ता
सचिव – डॉ. भारती कुमारी
सह सचिव – डॉ. मनीला कुमारी, अरूणा झा
कार्यक्रम समन्वयक – रीना सिन्हा, सविता सिंह ‘मीरा’, लक्ष्मी सिंह ‘रूबी’
कोषाध्यक्ष – पुष्पांजलि मिश्रा
सह कोषाध्यक्ष – डॉ. अनिता शर्मा
इसके अतिरिक्त परामर्श समिति, संरक्षक मंडल, डिजिटल डॉक्यूमेंटेशन, प्रेस एवं न्यायिक सलाहकारों का भी चयन किया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. संध्या सिन्हा ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संस्था की प्रगति के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगीत के साथ सभा का समापन हुआ। साथ ही डॉ. सी. भास्कर राव की पत्नी डॉ. सूर्या राव के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पुष्पा कुमारी ने किया।

