साहिल की मौत में नया मोड़, पिता ने दर्ज कराई हत्या की एफआईआर
तैराक बेटा कैसे डूबा?
पिता ने जताई साजिश की आशंका, चार युवकों पर लगाया हत्या का आरोप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। चांडिल डैम में 15 जून को अल कबीर पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्र साहिल अंसारी की मौत मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। मृतक के पिता आजाद अंसारी ने चांडिल थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराते हुए चार युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनके बेटे को जानबूझकर गहरे पानी में डुबो कर मारा गया है।
आजाद अंसारी ने आरोप लगाया कि रामगढ़ निवासी तौफीक रजा, नवादा निवासी रेहान और मोटू, तथा रांची निवासी अल्तमश ने साजिश के तहत साहिल को डैम में डुबोकर मार डाला। उन्होंने बताया कि घटना के बाद उक्त युवक बिना शोर किए मौके से साहिल का मोबाइल लेकर भाग निकले और किसी को कुछ नहीं बताया।
उन्होंने दावा किया कि साहिल को तैरना आता था और जिस जगह उसकी मौत हुई, वहां पानी की गहराई मात्र 10 फीट से ज्यादा नहीं है। ऐसे में हादसे की बात गले नहीं उतरती। पिता ने बताया कि जब उन्होंने लगातार कॉल करना शुरू किया तो युवक गुमराह करते रहे और आखिरकार उसी रात 9:30 बजे चांडिल थाना पहुंचकर जानकारी दी कि साहिल नहाने के दौरान डूब गया।

