द्रौपदी मुर्मू रखेंगी प्रस्तावित जगन्नाथ मंदिर की आधारशिला, टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज का भी करेंगी दौरा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 26 फरवरी को जमशेदपुर आगमन प्रस्तावित है। अपने दौरे के दौरान वे कदमा मरीन ड्राइव में बनने वाले प्रस्तावित जगन्नाथ मंदिर की आधारशिला रखेंगी। इसके साथ ही वे शहर स्थित टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज का भी दौरा करेंगी।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उनके आगमन से पूर्व जमशेदपुर हवाई अड्डे से कदमा स्थित कार्यक्रम स्थल और वहां से मेडिकल कॉलेज होते हुए पुनः हवाई अड्डे तक पूरे मार्ग पर बुधवार को मॉक ड्रिल किया गया। इस दौरान सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने हर बिंदु का गहन निरीक्षण किया।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत 6 आईपीएस अधिकारियों की निगरानी में लगभग 1500 जवान तैनात रहेंगे। इसके अतिरिक्त एनएसजी स्क्वाड, एसटीएफ टीम तथा पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी पूरे मार्ग और कार्यक्रम स्थल पर तैनात रहेंगे।
सूत्रों के अनुसार राष्ट्रपति लगभग चार घंटे तक शहर में प्रवास करेंगी। उनके दौरे को लेकर सभी सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। शहर में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की तैयारी की गई है।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे स्वयं पूरे कार्यक्रम की निगरानी कर रहे हैं और प्रत्येक बिंदु की समीक्षा कर रहे हैं, ताकि राष्ट्रपति का दौरा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

