पोटका में दूसरे दिन भी चला घर-घर मलेरिया जांच व जागरूकता अभियान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पॉल के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम के पोटका प्रखंड के मलेरिया प्रभावित गांवों में रविवार को लगातार दूसरे दिन भी विशेष स्वास्थ्य अभियान चलाया गया। अभियान के तहत चिकित्सकों, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसरों, एमपीडब्ल्यू और सहियाओं की टीम ने घर-घर जाकर बुखार पीड़ितों की नि:शुल्क जांच, दवा वितरण, उपचार तथा गंभीर मरीजों को रेफर करने का कार्य किया।
स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से बुखार होने पर तुरंत सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने, झाड़-फूंक और झोलाछाप चिकित्सकों से बचने तथा मच्छरदानी के उपयोग, पानी का जमाव रोकने और मलेरिया बचाव के उपाय अपनाने की अपील की। सिविल सर्जन ने कहा कि मलेरिया उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ अभियान चला रहा है और आमजन के सहयोग से ही जिले को मलेरिया मुक्त बनाया जा सकेगा।

