मानगो में सड़क निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद, पुलिस ने कराया मामला शांत

राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र स्थित बिरसा चौक के पास सड़क निर्माण को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए, जिससे मौके पर हंगामा हो गया। सूचना मिलते ही उलीडीह पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया।

एक पक्ष का आरोप है कि इलाके में नशे और सट्टा मटका का कारोबार होता है, जबकि दूसरा पक्ष सड़क निर्माण कार्य में जमीन पर अतिक्रमण और बाउंड्री वॉल निर्माण का विरोध कर रहा था। बस्तीवासियों ने कथित अतिक्रमण को तोड़ दिया।

एएसआई बी.के. किस्कू ने बताया कि मामला मानगो नगर निगम द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण से जुड़ा है। दोनों पक्षों को थाने बुलाकर मध्यस्थता की जाएगी और सड़क निर्माण का कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।

