गुवा गोलीकांड के शहीदों को अर्जुन मुंडा ने दी श्रद्धांजलि
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा।पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद अर्जुन मुंडा गुवा गोलीकांड में शहीद हुए लोगों की स्मृति में बने शहीद स्थल पहुंचे। उन्होंने वहां पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। टाटानगर से शहीद स्थल तक जाने में अर्जुन मुंडा का हजारों लोगों ने स्वागत किया

अर्जुन मुंडा ने कहा कि गुवा गोलीकांड झारखंड के आदिवासी समाज के संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है। शहीदों की स्मृतियां हमें न्याय, अधिकार और सम्मान की लड़ाई को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता और आने वाली पीढ़ियां भी उनके त्याग से प्रेरणा लेती रहेंगी। मुंडा ने यह भी आश्वासन दिया कि शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए वे हमेशा समाज और राज्य के विकास हेतु संघर्षरत रहेंगे।

जानें गुवा गोलीकांड
गुवा गोलीकांड 8 सितंबर 1980 को पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा खदान क्षेत्र में हुआ था, जब मजदूरों और आदिवासियों ने अपने हक और रोजगार की मांग को लेकर आंदोलन किया। उस समय पुलिस की गोलीबारी में 8 आदिवासी शहीद हो गए थे। यह घटना झारखंड आंदोलन की ऐतिहासिक घटनाओं में गिनी जाती है और आदिवासी अस्मिता की लड़ाई का प्रतीक मानी जाती है।


