बागों मध्य विद्यालय को उच्च विद्यालय बनाने की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
धीरौल पंचायत के मध्य विद्यालय बागों को उत्क्रमित कर उच्च विद्यालय बनाने की मांग को लेकर पूर्व मुखिया सह पंचायत समिति सदस्य सीताराम हांसदा ने उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम को आवेदन सौंपा। आवेदन में कहा गया कि विद्यालय वर्ष 1978 से प्राथमिक एवं मध्य स्तर पर संचालित है। ग्रामीण और गरीब विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को मिडिल शिक्षा के बाद आगे की पढ़ाई के लिए दूर स्थित विद्यालयों में जाना पड़ता है। दूरी और परिवहन सुविधा के अभाव में कई विद्यार्थी पढ़ाई बीच में छोड़ देते हैं। छात्रहित में विद्यालय को 10वीं तक उत्क्रमित करने की मांग की गई। मौके पर समाजसेवी सहदेव हेंब्रम, मातुराम सोरेन आदि मौजूद थे।

