तामुलिया पंचायत में रिश्वत लेकर जारी हो रहे प्रमाण पत्र का आरोप, जांच की मांग तेज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल:सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत तामुलिया पंचायत कार्यालय पर जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने में कथित रूप से रिश्वतखोरी का गंभीर आरोप लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां “पैसा फेंको, काम देखो” की तर्ज पर 1500 रुपये देने पर आधे घंटे में प्रमाण पत्र जारी कर दिया जाता है, जबकि बिना पैसे के लोगों को महीनों चक्कर काटने पड़ते हैं।
ताजा मामला जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के धर्मडीह गांव का बताया जा रहा है, जहां मृतका मूलक रानी देवी का मृत्यु प्रमाण पत्र कथित रूप से 1500 रुपये लेकर तुरंत जारी कर दिया गया। परिजनों ने इस मामले की शिकायत चांडिल प्रखंड विकास पदाधिकारी बालेश्वर रवि दास से की है।
आरोप है कि पंचायत कार्यालय में एक दलाल के रूप में पूर्व उपमुखिया श्री गोराई सौदेबाजी करता है और कंप्यूटर ऑपरेटर के माध्यम से राशि मिलने के बाद प्रमाण पत्र जारी कर दिया जाता है। स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि यह खेल लंबे समय से चल रहा है और बिना रिश्वत के काम कराना मुश्किल है।
हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की शिकायत के बाद प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठ रही है।

