बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत में कचरा निस्तारण व जलकर लेखा की मांग, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत में स्थाई कचरा निस्तारण की व्यवस्था, जलकर के आय–व्यय का लेखा सार्वजनिक करने तथा पंचायत भवन में हुई चोरी व आगजनी की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता और उप मुखिया संतोष ठाकुर ने उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि स्थाई कचरा उठाव के लिए ग्राम सभा की तिथि तय कराने को लेकर कई बार आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वहीं जलापूर्ति योजना के तहत वसूले जा रहे जलकर का हिसाब सार्वजनिक नहीं होने से असंतोष है। पंचायत भवन में चोरी व आगजनी अथवा गबन के साक्ष्य छिपाने की आशंका की भी जांच की मांग की गई।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने ज्ञापन को संबंधित विभागों को भेजते हुए एक सप्ताह के भीतर ग्राम सभा की तिथि तय कराने और पंचायत भवन की घटनाओं की जांच कर स्थिति स्पष्ट करने का आश्वासन दिया।

