रांची में उप राष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का किया शुभारंभ
एक्सएलआरआई ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन
अतिथियों ने किसान सारथी रथ को दिखाई हरी झंडी, किसानों से संबंधित योजनाओं का किया जाएगा प्रचार-प्रसार
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का शुभारंभ आज रांची में माननीय उपराष्ट्रपति श्री एम. वेंकैया नायडू द्वारा किया गया। इसी क्रम में जिला स्तरीय कार्यक्रम एक्सएलआरआई ऑडिटोरियम, जमशेदपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय सांसद जमशेदपुर- श्री विधुत वरण महतो उपस्थित रहे। अन्य गणमान्य अतिथि के रूप में विधायक पोटका- श्रीमति मेनका सरदार, विधायक घाटशिला- श्री लक्ष्मण टुडू, जिला परिषद अध्यक्ष- श्रीमति बुलू रानी सिंह उपस्थित रहीं। इस क्षण का गवाह बनने सभी प्रखंडों से किसान भी एक्सएलआरआई ऑडिटोरियम, जमशेदपुर पहुंचे थे। रांची में हो रहे कार्यक्रम का लाइव प्रसारण एक्सएलआरआई ऑडिटोरियम में उपस्थित किसानों को एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया।
माननीय मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में राज्य सरकार अच्छा कार्य कर रही है। माननीय प्रधानमंत्री का सोच है कि वर्ष 2022 तक किसानों का आय दोगुना करना है, इसी दिशा में किसानों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से केन्द्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना शुरू की गई तथा राज्य सरकार द्वारा आज मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का शुभारंभ किया गया। ये बातें जमशेदपुर सांसद, श्री विधुत वरण महतो ने कही।
*किसान ईश्वर का दूसरा रूप- विधुत वरण महतो*
जमशेदपुर सांसद विधुत वरण महतो ने कहा कि किसान भगवान का दूसरा रूप होते हैं, किसान अन्नदाता हैं। वर्ष 2014 में जब देश में एनडीए सरकार आई तभी से लोगों के जीवन में गुणात्मक बदलावे लाने हेतु कई प्रयास किए जा रहे हैं। देशवासियों के सर्वांगीण विकास को लेकर सरकार दृढ़संकल्पित है। जनधन योजना के तहत बैंक खाता खुलवाना हो या उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस सिंलेंडर देना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के गरीबों को आवास उपलब्ध कराना, देश एवं राज्य की भाजपा सरकार लगातार लोगों के हित में कई जनकल्याणकारी योजनायें चला रही हैं
*डबल इंजन की सरकार से लोगों को हो रहा फायदा- मेनका सरदार*
पोटका विधायक मेनका सरदार ने कहा कि राज्य में विकास कार्यों में तेजी आई है। मुख्यमंत्री कृषि शीर्वाद योजना के तहत किसानों के खाते में डीबीटी के माध्यम से पैसा दिया जा रहा है जिससे वे खेती-किसानी के लिए कीटनाशक, बीज तथा अन्य जरूरत के सामान खरीद सकेंगे। डबल इंजन की सरकार होने से विकास कार्य करने में कोई बाधा नहीं आ रही है। किसानों के चेहरे पर खुशी साफ देखी जा सकती है।
*आइए उत्कृष्ट और उन्नत भारत का निर्माण करें- लक्ष्मण टुडू*
सरकार किसानों के मददगार के रूप में सामने आई है, किसानों के जीवन में कर्ज के जाल से मुक्ति मिलने का समय गया है। आजादी के बाद पहली बार किसी ने संवेदनशील होकर किसानों के बारे में सोचा। माननीय प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री किसानों के हित में लगातार अच्छे फैसले ले रहे हैं। इस योजना को लेकर किसानों के बीच जो भ्रांति फैलाई गई आज वही लोग इस योजना का लाभ लेने के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होने सभागार में मौजूद लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिन किसानों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया है उन्हें भी जागरूक करें, प्रेरित करें एवं आवेदन जमा करवायें। आइए उत्कृष्ट और उन्नत भारत के निर्माण में सहभागी बनें।
कार्यक्रम में सभी प्रखंडों के किसान भी पहुंचे थे जिन्हें इस योजना के तहत आच्छादित किया गया। मोबाइल में राशि हस्तातरंण का मैसेज मिलने पर किसान काफी खुश दिखाई दिए। किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की सरकार के इस पहल की किसानों ने खूब प्रशंसा की। कार्यक्रम के अंत में किसान सारथी रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। किसान रथ के माध्यम से जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर किसानों को केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा तथा वीडियो क्लीप एवं नृत्य-संगीत के माध्यम से खेती-किसानी के तकनीकि जानकारी भी प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में 20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष श्री दिनेश साव, उपायुक्त श्री रविशंकर शुक्ला, उप-विकास आयुक्त श्री बी. महेश्वरी, अपर आयुक्त श्री सौरभ कुमार सिन्हा, जिला कृषि पदाधिकारी श्री मिथलेश कुमार कालिन्दी, बड़ी संख्या में किसान तथा अन्य उपस्थित थे।

