महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मेड़िया शिव मंदिर से निकली भव्य शिव बारात
राष्ट्र संवाद संवाददाता
मुसाबनी : महाशिवरात्रि का पर्व बुधवार को मुसाबनी एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। शिवभक्तों ने उपवास रखकर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। मंदिरों में “ॐ नमः शिवाय” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं, वहीं शाम को कीर्तन और देर रात तक जागरण का आयोजन हुआ।
मेड़िया शिव मंदिर से सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की भव्य झांकी एवं बारात निकाली। गाजे-बाजे और डीजे की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते हुए गिरीशडांगा हनुमान मंदिर तक पहुंचे। भक्तों ने शिवलिंग पर जल, दूध, दही, शहद, भांग, धतूरा, बेलपत्र और गंगाजल अर्पित कर शिव चालीसा का पाठ किया।
मुसाबनी नंबर-3 विश्वनाथ मंदिर, सिद्धेश्वर मंदिर, देवली पौराणिक महादेव मंदिर, न्यू कॉलोनी महाकालेश्वर शिव मंदिर, संकट मोचन शिव मंदिर तथा बाकड़ा शिव मंदिर में भी सैकड़ों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर मंगलकामना की। शिवालयों में बाबा का आकर्षक श्रृंगार किया गया और महामृत्युंजय जाप का आयोजन हुआ।

