राजधर कोल साइडिंग के समीक्ष अपराधियों ने की फायरिंग, खोखा जप्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चतरा: पिपरवार थाना क्षेत्र की राजधर कोल साइडिंग के ट्रांसपोर्टिंग रोड पर अमन साहू गिरोह के दो नकाबपोश अपराधियों ने अम्रपाली से कोयला ढुलाई कर रहे एक हाईवा पर गोलीबारी की। दोनों अपराधियों ने मौके पर अमन साहू गिरोह के नाम से एक पर्चा भी फेंका है। गोलीबारी में हाईवा चालक बाल-बाल बच गया। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने हाईवा पर सामने से एक राउंड गोली चलाई और एक राउंड हवाई फायर की। घटना सोमवार की दोपहर की है।

घटनास्थल से पुलिस ने एक खोखा जब्त किया है जो नाइन एमएम पिस्टल का बताया जा रहा है। लोगों ने बताया कि दो नकाबपोश अपराधी पहुंच कर अचानक हुई गोलीबारी से साइडिंग के आसपास क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और कार्य कर रहे लोगो भागने लगे। सूचना मिलते ही टंडवा एसडीपीओ सह एएसपी प्रभात रंजन बरवार और पिपरवार पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है

पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर अपराधियों की जानकारी ली। एसडीपीओ ने बताया कि साइडिंग में काम कर रही किसी भी कंपनी ने पुलिस को पूर्व में धमकी मिलने की सूचना नहीं दी थी। पुलिस अनुसंधान में जुटी है और अपराधियों को जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


