जमशेदपुर में अपराधी–पुलिस आमने-सामने: वांटेड सुधीर दुबे का धमकी भरा वीडियो वायरल, पुलिस ने दी खुली चुनौती
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में अपराध की दुनिया से जुड़े मोस्ट वांटेड अपराधी सुधीर दुबे का एक वीडियो सोमवार को तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वह बिहार और जमशेदपुर में किसी बड़े व्यक्ति की हत्या करने की धमकी देते हुए दिखाई दे रहा था। सोशल मीडिया पर लाइव आकर दी गई इस धमकी ने शहर की पुलिस को तुरंत हरकत में ला दिया।

वीडियो सामने आते ही सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने संज्ञान लिया और अपराधी को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर वह शहर में किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना को अंजाम देने की साजिश रचता है, तो पुलिस जवाब गोलियों की भाषा में देगी। एसपी ने स्पष्ट कहा कि वीडियो में किसी का नाम भले ही नहीं लिया गया हो, लेकिन पुलिस पूरे गैंग पर काम कर रही है और किसी भी संभावित घटना से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इधर पुलिस के सख्त बयान के कुछ ही घंटों बाद सुधीर दुबे ने एक नया वीडियो जारी कर माफी मांगी। उसने कहा कि उसके वीडियो को तोड़–मरोड़ कर वायरल किया गया है। दावा किया कि वह बिहार और झारखंड से बाहर अपना व्यापार कर रहा है और दोनों राज्यों से दूरी बनाए हुए है। उसने जमशेदपुर पुलिस का सम्मान करने की बात कहते हुए इस पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।
कौन है सुधीर दुबे?
सुधीर दुबे जमशेदपुर का कुख्यात और मोस्ट वांटेड अपराधी है। वह कभी अखिलेश सिंह गिरोह का शूटर रहा था, मगर अब उसने अपना अलग गैंग खड़ा कर लिया है। पुलिस ने उसे पहले ही जिले से तड़ीपार किया हुआ है। इसके बावजूद उसका वीडियो सामने आने से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।
शहर में माहौल तनावपूर्ण है, लेकिन पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि को अंजाम नहीं देने दिया जाएगा और कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।

