जनता दरबार में चौकीदार बहाली से लेकर अतिक्रमण तक की शिकायतें
*डीसी ने लंबित वेतन, आंगनबाड़ी चयन और सरकारी जमीन पर कब्जे की जांच के दिए निर्देश*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
सरायकेला समाहरणालय में शुक्रवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में चौकीदार बहाली, लंबित वेतन, आंगनबाड़ी सेविका चयन और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई और मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में चौकीदार बहाली प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने, नीमडीह प्रखंड में आंगनबाड़ी सेविका चयन में कथित अनियमितता तथा चौकीदारों के लंबित वेतन भुगतान को लेकर आवेदन दिए गए। वहीं, चांडिल प्रखंड के भुइयाडीह में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर डीसी ने जिला परिषद की भूमि की जांच कर उसे अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए उप विकास आयुक्त को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन भी सौंपे। उपायुक्त ने अधिकारियों को शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तय समयसीमा में निष्पादित करने का निर्देश दिया।

