आदित्यपुर में पुलिस की सघन गश्त, चौक-चौराहों पर बढ़ेगी निगरानी
*एसपी के निर्देश पर करीब 150 जवान संभालेंगे मोर्चा, वारंटियों की धर-पकड़ भी जारी रहेगी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से आदित्यपुर पुलिस ने सघन गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियरी के निर्देश पर थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाई जाएगी।
अभियान के तहत करीब 150 जवान पैदल गश्त, बाइक गश्त और चारपहिया वाहनों के जरिए थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में निगरानी करेंगे। पुलिस की टीमें प्रमुख मार्गों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगी। इसके साथ ही थाना क्षेत्र के वारंटियों की धर-पकड़ का अभियान भी जारी रहेगा।
इस दौरान थाना प्रभारी ने आम नागरिकों और व्यापारियों से संपर्क कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए गश्त अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य अपराधियों पर नकेल कसने के साथ आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना है।

