*तीन पंचायतों में 28 अक्टूबर को लगेगा वित्तीय समावेशन शिविर
*बैंक खाता, बीमा, पेंशन और फसल बीमा सहित विभिन्न योजनाओं का मिलेगा लाभ*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
भारत सरकार और बैंकों के संयुक्त प्रयास से वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत 28 अक्टूबर को पंडरा, खरसावां और रोलाहातु पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में पात्र लाभार्थियों को बैंकिंग सेवाओं और सरकारी वित्तीय योजनाओं से जोड़ने में सहायता दी जाएगी।
अभियान के तहत बैंक खाता खोलने, आधार सीडिंग, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी), बीमा एवं पेंशन योजनाओं, केवाईसी प्रक्रिया, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, ऋण समझौते और बकाया ऋण के निपटान सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद की जाएगी।
संबंधित पंचायतों के पात्र लाभार्थियों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि पर शिविर में पहुंचने की अपील की गई है, ताकि वे बैंकिंग सुविधाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों तक वित्तीय सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।

