राष्ट्र संवाद संवाददाता
ग्राम तालसा में मंगलवार को ग्राम सभा की एक बैठक माझी बाबा दुर्गाचरण मुर्मू की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से मंगली मुर्मू एवं उनके पुत्र मंगल हेंब्रम द्वारा उपायुक्त महोदय को दिए गए कथित सामाजिक बहिष्कार संबंधी शिकायत पत्र पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सर्वप्रथम मंगल हेंब्रम से शिकायत के संबंध में विस्तार से जानकारी लिया गया। उनसे पूछा गया कि कथित बहिष्कार किसके द्वारा किया गया, क्या इस संबंध में कोई ग्राम सभा आयोजित हुई थी, क्या किसी ने उन्हें धमकाया था अथवा जान से मारने की बात कही थी। शिकायत पत्र में लगाए गए सभी आरोपों पर क्रमवार चर्चा किया गया।
इसके पश्चात माझी बाबा, ग्रामसभा के सदस्यों, बुजुर्गों एवं ग्रामीणों के बयान लिए गए। सभी ने स्पष्ट रूप से कहा कि ग्राम सभा द्वारा किसी प्रकार का सामाजिक बहिष्कार नहीं किया गया है, न ही किसी व्यक्ति को गांव छोड़ने अथवा जान से मारने की धमकी दी गई है। इस संबंध में ग्राम सभा की कोई बैठक भी आयोजित नहीं हुई थी।
चर्चा एवं विचार-विमर्श के उपरांत मंगल हेंब्रम ने स्वयं स्वीकार किया कि उन्हें माझी बाबा, ग्राम सभा अथवा गांव के किसी भी व्यक्ति द्वारा राजनीतिक दल बदलने, गांव छोड़ने या किसी प्रकार की धमकी नहीं दी गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि वे दूसरों के बहकावे में आकर शिकायत पत्र देने के लिए प्रेरित हुए थे तथा शिकायत पत्र किसी अन्य व्यक्ति द्वारा लिखकर दिया गया था।
मंगल हेंब्रम ने अपने परिवार की ओर से ग्राम सभा, ग्रामवासियों एवं समाज के लोगों से सार्वजनिक रूप से क्षमा याचना करते हुए अपने द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को वापस लेने की घोषणा की। इसके बाद ग्राम सभा ने भी उदारता का परिचय देते हुए उन्हें क्षमा कर समाज में सम्मानपूर्वक रहने का अवसर प्रदान किया।
इस अवसर पर पंचायत के मुखिया कान्हू मुर्मू ने कहा कि समाज की एकता, आपसी भाईचारा और पारंपरिक व्यवस्था हमारी सबसे बड़ी ताकत है। किसी भी विवाद या शिकायत का समाधान तथ्य और संवाद के आधार पर होना चाहिए। बिना सत्यापन के आरोप लगाने से समाज में भ्रम और विभाजन की स्थिति उत्पन्न होती है।
बैठक प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति एवं निगरानी में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हुई।
बैठक में मुख्य रूप से पंचायत के मुखिया कान्हू मुर्मू, तोरोप पारगना बाबा दसमत हांसदा, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित प्रकाश, अंचल अधिकारी मनोज कुमार, थाना प्रभारी सुंदरनगर, माझी बाबा बिरसिंह बास्के, सेनबसु हांसदा, रेन्टा सोरेन, मदन मुर्मू, उकिल हांसदा, कारु मुर्मू, सुशील मुर्मू, दीपक मुर्मू, डेमका सोय, नायके हाबिराम मुर्मू, पारानिक सुकमन मुर्मू, गोडेत बाबलु मुर्मू, वकिल हेंब्रम, भागवत मार्डी, जितेन हेंब्रम, रामचंद्र टुडू, रघुनाथ टुडू, वार्ड सदस्य सारोती हेंब्रम, लक्ष्मी हेंब्रम, हराधान हेंब्रम, दारोगा हेंब्रम, सुधीर बेसरा, राजिन हेंब्रम सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित थे।

