CM शिंदे बोले- बालासाहेब होते तो मोदी की पीठ थपथपाते,आर्टिकल 370 हटाना उन्हीं का सपना था
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि अगर बालासाहेब ठाकरे आज जिंदा होते तो वे राम मंदिर को लेकर मोदी की पीठ थपथपाते। अयोध्या में राम मंदिर बनना और जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाना बालासाहेब का ही सपना था। पीएम मोदी की वजह से बालासाहेब के दोनों सपने साकार हो पाए हैं।
महाराष्ट्र का राजापूर और कोकण इलाका शिवसेना का गढ़ माना जाता है। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए शिवसेना ने यहां सोमवार को शिव संकल्प अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य जमीन पर लोगों से जुड़ना और पार्टी मजबूत करना है। इसी दौरान CM शिंदे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोदी और बालासाहेब का जिक्र किया।
शिंदे बोले- शिवसेना के धनुष-बाण से हिंदुत्व के दुष्मनों को नष्ट करेंगे
शिंदे ने कोकण में भी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा- कोकण की जनता का बालासाहेब से अटूट रिश्ता है। शिवसेना के धनुष-बाण से यहां के लोगों को गहरा नाता हैं। यह भगवान राम का धनुष-बाण है.बालासाहेब का धनुष-बाण है और आम जनता का धनुष-बाण है। हमने अपने सिद्धांतों के लिए लड़ाई लड़ी है। सत्ता हथियाना हमारा लक्ष्य नहीं था। हमने यह नहीं सोचा कि हमें क्या मिलेगा, बल्कि राज्य को क्या मिलेगा, हमने इसके बारे में हमेशा सोचा है। इस वजह से असली शिवसेना और धनुष-बाण हमारे पास है। कोकण की जनता इस धनुष-बाण से हिंदुत्व के दुश्मनों को नष्ट करेगी।
मुंबई-ठाणे शिवसेना का शरीर, रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग शिवसेना के फेफड़े
शिंदे ने रैली को संबोधित करते हुए कहा शिवसेना का जन्म मुंबई-ठाणे में जरूर हुआ, लेकिन अगर पार्टी वास्तव में कोकण में ही बढ़ी। मुंबई-ठाणे शिवसेना का शरीर हैं, लेकिन रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग शिवसेना के फेफड़े हैं। हमारी सरकार आने के बाद अब कोकण के लोगों को न्याय मिलेगा। पिछले सरकारों के दौरान यहां की योजनाएं ठंडे बस्ते में थीं। यहां के विकास को अब रफ्तार मिलेगी।