क्रिसमस की धूम: दुल्हन की तरह सजे गिरजाघर, सरकार ने महिलाओं को दी बड़ी सौगात
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर/रांची। ईसाई समुदाय का प्रमुख पर्व क्रिसमस आज पूरे श्रद्धा, उल्लास और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इसे लेकर जमशेदपुर समेत शहर के सभी गिरजाघरों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी, सितारों और आकर्षक सजावट से चर्च जगमगा उठे हैं। क्रिसमस की पूर्व संध्या पर देर रात मिडनाइट मास और विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया, जहां प्रभु यीशु मसीह के जन्म पर शांति, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया गया।
क्रिसमस को लेकर बाजारों में भी खास रौनक रही। केक, क्रिसमस ट्री, सजावटी सामान और सांता क्लॉज की पोशाकों की जमकर बिक्री हुई। पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए चर्चों और प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई।
इसी बीच क्रिसमस से पहले राज्य सरकार ने महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। रांची जिले में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत नवंबर माह की सम्मान राशि का भुगतान कर दिया गया है। योजना के अंतर्गत जिले की 3 लाख 93 हजार 84 महिलाओं के खातों में 2,500 रुपये प्रति लाभुक की दर से कुल 98 करोड़ 27 लाख 10 हजार रुपये DBT के माध्यम से भेजे गए हैं। सबसे अधिक लाभुक कांके प्रखंड में रहे, इसके बाद सदर शहरी, मांडर, सिल्ली और बेड़ो प्रखंड शामिल हैं।
क्रिसमस का पर्व जहां प्रेम, करुणा और मानवता का संदेश दे रहा है, वहीं सरकार की इस पहल से त्योहार की खुशियां महिलाओं के घर-आंगन तक पहुंची हैं।


