रांची में चतरा सांसद की सड़क को लेकर बड़ी पहल, पांच जरूरी सड़कों के निर्माण की माँग।
जनता की परेशानी को लेकर सांसद कालीचरण सिंह ने पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव से की मुलाकात।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची। चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह ने आज रांची में झारखंड सरकार के पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार से मुलाकात की। इस मुलाकात का मकसद चतरा और आसपास के इलाकों की खराब सड़कों को ठीक करवाना था। सांसद ने बताया कि खासकर नक्सल प्रभावित इलाकों में सड़क की हालत बहुत ही खराब है। गांव के लोग, किसान, बच्चे, मरीज—सबको आने-जाने में बहुत दिक्कत होती है। कई जगहों पर तो एंबुलेंस और स्कूल वैन भी नहीं पहुँच पाती। इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सांसद कालीचरण सिंह ने पाँच अहम सड़कों के निर्माण की माँग रखी है। उन्होंने कहा कि अगर ये सड़कें बन जाती हैं, तो न सिर्फ लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि इलाके में विकास और रोजगार के भी रास्ते खुलेंगे।
जिन पाँच सड़कों की माँग की गई है जो इस प्रकार हैं।
बगरा मोड़ (NH-99) से पांकी (पलामू) तक – यह चतरा और पलामू जिले को जोड़ेगा। मनिका बकोरिया (NH-75) से सुरजौन मोड़ पांकी डालटनगंज रोड तक – लातेहार जिला के लोगों को फायदा होगा। जोरी पाखा मोड़ (NH-99) से जोलडीहा होते हुए राजपुर और कान्हाचट्टी तक – चतरा जिले के कई गांवों के लिए जरूरी रास्ता।
राजपुर से बाराचट्टी जीटी रोड तक – यह रास्ता बिहार और झारखंड की सीमा को जोड़ेगा। पांकी डालटनगंज रोड से सगालीम, आसेहार, होटाई होते हुए सालमदीरी तक – पलामू जिला का यह इलाका बहुत पिछड़ा है, यहाँ सड़क बेहद जरूरी है।सांसद ने प्रधान सचिव से माँग की कि ये सारे प्रस्ताव जल्दी से जल्दी केंद्र सरकार को भेजे जाएं ताकि सड़क का काम जल्द शुरू हो सके। इस मौके पर चतरा के विधायक श्री जनार्दन पासवान भी मौजूद रहे।

