चांडिल में मां तारा सपोर्टिंग बनी ईसीसी लीजेंड लीग सीजन-4 की चैंपियन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल: चांडिल स्टेशन के समीप उगडीह क्रिकेट मैदान में आयोजित अनुमंडल क्षेत्र के चर्चित क्रिकेट टूर्नामेंट ईसीसी लीजेंड लीग सीजन-4 का फाइनल मुकाबला रविवार को मां तारा सपोर्टिंग और रौनक सपोर्टिंग के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में मां तारा सपोर्टिंग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मैच का उद्घाटन ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के प्रख्यात समाजसेवी राकेश वर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर विधिवत रूप से किया। इससे पहले आयोजन समिति की ओर से मुख्य अतिथि का गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया।
टॉस जीतकर मां तारा सपोर्टिंग ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रौनक सपोर्टिंग की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 120 रन बनाकर 121 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में उतरी मां तारा सपोर्टिंग की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 11.2 ओवर में 124 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया और ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। टीम के कप्तान छुटू मोदक ने शानदार पारी खेलते हुए 28 गेंदों में 62 रन बनाए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता और उपविजेता टीम को अतिथियों ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि राकेश वर्मा समेत अन्य अतिथियों ने विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 60 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया, जबकि उपविजेता टीम को ट्रॉफी और 40 हजार रुपये नकद देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व जिला परिषद सदस्य ओम प्रकाश लायेक, वरिष्ठ भाजपा नेता पप्पू वर्मा, मुखिया मंगल मांझी, मुखिया प्रतिनिधि भोला सिंह सरदार,भाजपा नेत्री अनीता पारित, पंचायत समिति सदस्य तारा पति, चांडिल स्टेशन प्रबंधक विष्णु तांती, निखिल रंजन महतो और फुलचांद महतो, छोटू सिंह, सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। आयोजन समिति की ओर से दुर्गा प्रसाद सिंह, सोमनाथ महंती, राजू सिंह, मजनू सिंह, बबलू तांती, और सूरज मुंडा सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

