*◆ जिले के सम्मानित नागरिकों से अपील – राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी योजना के तहत नए राशन कार्ड हेतु प्राप्त आवेदनों के सत्यापन में करें सहयोग*
=======================
*◆ आधार सीडिंग एवं बैंक खाते से संबंधित त्रुटियों के कारण कोई भी लाभुक पेंशन की राशि से वंचित नहीं रह पाएंगे*
*★ श्री अरवा राजकमल, जिला उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा।*
=======================
पश्चिमी सिंहभूम जिला उपायुक्त श्री अरवा राजकमल के द्वारा जानकारी दी गई कि आज के बैठक में अंचलाधिकारी जो प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के प्रभार में भी कार्य कर रहे हैं को निर्देश दिया गया है कि राज्य सरकार के महत्वपूर्ण योजना जिसके तहत नए योग्य लाभुकों का चयन करते हुए राशन कार्ड बनाना है उसमें काफी अच्छी प्रगति हुई है तथा इसके तहत 89,000 आवेदन प्राप्त किए जा चुके हैं तथा प्राप्त कुल आवेदनों में से 30,000 से अधिक आवेदन का सत्यापन भी हो चुका है एवं शेष आवेदन का भी यथाशीघ्र सत्यापन करने का आदेश दिया गया है।
उपायुक्त के द्वारा जानकारी देने के क्रम में जिले के आम जनों से भी अपील किया गया है कि आप सभी सम्मानित जनता भी इस कार्य में प्रशासन का सहयोग करें और पंचायत सेवक, आंगनबाड़ी सेविका और स्कूल के शिक्षक जब आवेदन सत्यापित करने क्षेत्र में जाएं तो आप उन लोगों का सहयोग करें ताकि कोई भी लाभुक इस योजना से वंचित ना रह सके।
उपायुक्त के द्वारा जानकारी दी गई कि प्राप्त सभी आवेदनों का जल्द से जल्द सत्यापन कार्य पूर्ण किया जाए तदुपरांत इसकी सूची बनाकर प्रकाशित किया जाएगा और सूची प्रकाशन के उपरांत संबंधित आपत्ति का निराकरण करते हुए इसके तहत जल्द से जल्द नया राशन कार्ड उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि पेंशन से संबंधित राशि जनता के खाते में हस्तांतरित किया जा रहा है लेकिन कुछ लोगों के बैंक खाते से राशि वापस आ जा रहा हैं जिसका मुख्य कारण बैंक खाता का आधार से लिंक नहीं होना प्रतीत हो रहा है। ऐसे सभी लाभुकों को बिना आधार सीडिंग के ही पेंशन की राशि खाते में हस्तांतरित करने का निर्देश दिया गया है ताकि आधार लिंक या बैंक खाते से जुड़ी समस्याओं के कारण कोई भी लाभूक पेंशन की राशि से वंचित नहीं रह पाए और ऐसे लाभुकों से भी अपील है कि वह अपना बैंक खाता का आधार से जुड़ाव का कार्य जल्द से जल्द पूरा करवा लें।

