CBI ने फर्जी पासपोर्ट रैकेट का किया भंडाफोड़, 2 लोगों को किया गिरफ्तार ,50 जगहों पर तलाशी
नई दिल्ली : फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट जारी करने के सिलसिले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है। पासपोर्ट घोटाला मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी CBI ने 24 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सीबीआई ने इस मामले में सिलीगुड़ी में पासपोर्ट सेवा लघु केंद्र के एक वरिष्ठ अधीक्षक उत्तम कुमार साहा को एक बिचौलिए के साथ गिरफ्तार किया है।
50 से अधिक जगहों पर सीबीआई ले रही तलाशी
एक अधिकारी ने बताया कि सीबीआई ने पश्चिम बंगाल और सिक्किम में चल रहे फर्जी पासपोर्ट रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, केंद्रीय जांच एजेंसी ने इस मामले में कोलकाता, गंगटोक, सिलीगुड़ी और अन्य स्थानों सहित लगभग 50 जगहों पर पर कल शाम से ही तलाशी अभियान चला रही है।
कई संदिग्ध हैं रडार पर
उन्होंने बताया कि सीबीआई को एक जानकारी मिली थी कि सरकारी अधिकारियों की मिली भगत से फर्जी कागजात पर पासपोर्ट जारी किया जा रहा है, जिस पर कार्रवाई करते हुए एजेंसी ने 16 लोक सेवकों सहित 24 लोगों के खिलाफ एक नया मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में तलाशी की जा रही है और कई संदिग्ध रडार पर हैं। हमने इस मामले में सरकारी अधिकारियों की संलिप्तता से संबंधित दस्तावेज बरामद किए हैं।

