छत से आया, शोर सुनते ही कूदकर भागा संदिग्ध
*आदित्यपुर के संजय नगर में तड़के घर में घुसा ग्रीस लगा नकाबपोश, सीसीटीवी से पहचान की कोशिश*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
माझी टोला के संजय नगर में मंगलवार तड़के एक नकाबपोश संदिग्ध के घर में घुसने से हड़कंप मच गया। शरीर पर ग्रीस जैसा पदार्थ और चेहरे पर नीला कपड़ा लगाए व्यक्ति छत के रास्ते किराए के मकान में दाखिल हुआ। कमरे में सो रही महिला की नींद खुली तो वह मोबाइल फोन लेने की कोशिश करता दिखा। महिला के शोर मचाने पर संदिग्ध छत से कूदकर फरार हो गया।
घटना सुबह करीब 4:30 बजे की है। महिला के पति और बच्चे कमरा के बाहर चौकी पर सो रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और आसपास के लोग सतर्क हो गए।
बताया गया है कि संदिग्ध की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उसकी पहचान में जुटी है। अजीब हुलिये के कारण स्थानीय लोग उसे ‘मंकी मैन’ कह रहे हैं, हालांकि उसकी पहचान और मंशा की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

