धनबाद के वासेपुर में दिनदहाड़े फायरिंग, तीन लोग घायल, इलाके में मचा हड़कंप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
धनबाद के वासेपुर इलाके में सोमवार सुबह करीब हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से क्षेत्र में दहशत फैल गई। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फायरिंग की इस घटना में गैंगस्टर फहीम खान के भाई सद्दाम समेत तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक महिला और एक पुरुष भी शामिल हैं। गोली लगने के बाद सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एनएमसीएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही धनबाद सिटी एसपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
फायरिंग की इस वारदात को लेकर अपराध जगत में गैंगवार की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी है।
दिनदहाड़े हुई इस घटना ने एक बार फिर धनबाद में कानून-व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते मनोबल को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

