कुंडहित प्रखंड में ‘चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो’ कार्यक्रम का समापन, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर जोर
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में विभागीय निर्देशानुसार आयोजित ‘चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो’ कार्यक्रम का समापन आमसभा के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर मुखिया, पंचायत सचिव, जल सहिया, वार्ड सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम के तहत ग्राम स्तर पर जागरूकता रैली निकाली गई, रेड डॉट गतिविधि आयोजित की गई तथा महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए महावारी स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
पंचायत स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया गया। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के महत्व पर चर्चा करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।
आमसभा में ‘स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु’ अभियान पर विशेष चर्चा की गई। ग्रामीणों को स्वच्छता अपनाने, जल स्रोतों की सुरक्षा करने तथा जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ वातावरण और हरित ग्राम ही सुरक्षित भविष्य की आधारशिला हैं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक गांव में स्वच्छता को बढ़ावा देने और सुरक्षित जलवायु के प्रति जनजागरूकता फैलाने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को व्यापक रूप से चलाया जाएगा। इसी क्रम में 5 जून 2026 को पंचायत स्तर पर विशेष आमसभा आयोजित कर अभियान को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।

