वीर बाल दिवस आयोजन को लेकर भाजपा झारखंड ने बनाई चार सदस्यीय टीम, कुलवंत सिंह बंटी बने सह-संयोजक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।दशमेश पिता श्री गुरु गोविंद सिंह जी के चार साहिबजादों—बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह—के अमर बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी, झारखंड प्रदेश ने वीर बाल दिवस के भव्य एवं सफल आयोजन के लिए प्रदेश स्तरीय चार सदस्यीय टीम का गठन किया है।
प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह को कार्यक्रम का संयोजक नियुक्त किया गया है, जबकि भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुलवंत सिंह बंटी और रांची महानगर के पूर्व उपाध्यक्ष हरविंदर सिंह बेदी को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा झारखंड ने निर्णय लिया है कि 26 दिसंबर को प्रदेश के सभी जिलों से लेकर मंडल स्तर तक विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलों में प्रभात फेरी, क्विज प्रतियोगिताएं और बौद्धिक संगोष्ठियों का आयोजन होगा, वहीं मंडल स्तर पर गठित टीमें कार्यक्रमों के सफल संचालन की जिम्मेदारी निभाएंगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता इन आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
वीर बाल दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं गुरुद्वारा जाकर मत्था टेकेंगे और बाबा जोरावर सिंह तथा बाबा फतेह सिंह के अद्वितीय बलिदान को स्मरण कर राष्ट्र की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस दौरान वे साहिबजादों की वीरगाथा के माध्यम से देश को एकता, साहस और राष्ट्रधर्म का संदेश देंगे।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुलवंत सिंह बंटी ने कहा कि वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया वीर बाल दिवस साहिबजादों के त्याग, शौर्य और धर्मनिष्ठा की गाथा को विशेष रूप से युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह सप्ताह सिख समाज के लिए ‘शहीदी सप्ताह’ के रूप में मनाया जाता है, जिसमें श्रद्धा, संयम और आत्मचिंतन के साथ साहिबजादों के अमर बलिदान को नमन किया जाता है।
भाजपा का संकल्प है कि वीर बाल दिवस के माध्यम से साहिबजादों की प्रेरक गाथा झारखंड के हर कोने तक पहुंचे और युवा पीढ़ी उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा और कर्तव्य पथ पर अग्रसर हो।

