घाघीडीह में वर्षों पुरानी सड़क मांग पूरी, 24 लाख की लागत से बनेगी पीसीसी सड़क
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका।जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत घाघीडीह जेल से टीआरएफ कॉलोनी होते हुए बस्ती तक वर्षों से लंबित पीसीसी सड़क निर्माण की बहुप्रतीक्षित मांग आखिरकार पूरी हो गई। पोटका विधायक संजीव सरदार ने शनिवार को पूजा-अर्चना के साथ सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।
इस सड़क के बनने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बरसात के मौसम में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। विधायक संजीव सरदार ने कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें चुना है, उस भरोसे को निभाना उनकी जिम्मेदारी है और हेमंत सोरेन सरकार में विकास कार्य तेजी से धरातल पर उतर रहे हैं।
सड़क निर्माण कार्य 24 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। शिलान्यास कार्यक्रम में झामुमो जमशेदपुर प्रखंड कमेटी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

