विक्रम शर्मा हत्याकांड में बड़ा खुलासा: 1 लाख का इनामी यशराज सहारनपुर से गिरफ्तार
देहरादून के चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड (सिल्वर सिटी जिम कांड) में फरार चल रहे 1 लाख रुपये के इनामी आरोपी यशराज सिंह को देहरादून पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त टीम ने सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी को मामले में अब तक की सबसे बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी यशराज इस पूरे हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर विक्रम शर्मा की हत्या की पूरी योजना बनाई थी और वारदात को अंजाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने दिसंबर 2025 में नोएडा और दिल्ली में भी विक्रम शर्मा की हत्या की कोशिश की थी, लेकिन भीड़भाड़ के कारण वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। इसके बाद देहरादून में जिम के बाहर रेकी कर हत्या की योजना को अंतिम रूप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, यशराज ने ही शूटरों को रांची से दिल्ली भेजने के लिए Paytm के जरिए फ्लाइट टिकट और अन्य खर्चों की व्यवस्था की। वारदात में इस्तेमाल स्कूटी, होटल बुकिंग और अन्य खर्चों का भुगतान भी UPI के माध्यम से किया गया।
हत्या के बाद आरोपी खड़गपुर में अपनी बुआ के घर छिपा हुआ था और लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस के अनुसार, वह अपने पिता के वकील से सलाह लेने सहारनपुर पहुंचा था, जहां पहले से जाल बिछाए बैठी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि यशराज की गिरफ्तारी के बाद इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड से जुड़े कई और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

