झारखंड राज्य निर्माण की भावना से समझौता बर्दाश्त नहीं : अर्जुन मुंडा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची/जमशेदपुर। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अर्जुन मुंडा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि झारखंड राज्य जिस उद्देश्य और जनभावना के साथ बना था, उसके मूल आदर्शों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि वह राज्य सरकार को स्पष्ट चेतावनी देना चाहते हैं कि झारखंड के गठन के पीछे विकास, अधिकार और सम्मान की जो आकांक्षा थी, उसे कमजोर करने की कोशिश जनता कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की नीतियों के कारण राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले हर वर्ग, हर समाज और हर परिवार स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की जनता ने राज्य निर्माण के समय बेहतर शासन, समावेशी विकास और अपने अधिकारों की रक्षा की उम्मीद की थी, लेकिन मौजूदा सरकार इन अपेक्षाओं पर खरी उतरने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की कार्यशैली ने लोगों की आशाओं को लगातार आहत किया है और राज्य की मूल भावना को कमजोर करने का काम किया है।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि भाजपा झारखंड की अस्मिता, अधिकारों और राज्य निर्माण के उद्देश्यों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।

