जमशेदपुर: काउंटर केस में जय किशोर सिंह को बड़ी राहत, कोर्ट से मिली जमानत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: जमशेदपुर लोकल ट्रेलर ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष जय किशोर सिंह को कथित झूठे मुकदमे में आज बड़ी राहत मिली है। जिला व्यवहार न्यायालय, कोर्ट संख्या-5 की न्यायिक पदाधिकारी अंजू कुमारी की अदालत ने उन्हें जमानत प्रदान कर दी।
बताया जाता है कि 11 फरवरी 2026 को बर्मा माइंस पार्किंग के समीप जय किशोर सिंह पर हुए लाठीचार्ज की घटना के बाद विपक्षी पक्ष द्वारा उनके खिलाफ एक काउंटर केस दर्ज कराया गया था। इस मामले को लेकर लगातार विवाद बना हुआ था और इसे लेकर एसोसिएशन के सदस्यों में भी नाराजगी देखी जा रही थी।

जय किशोर सिंह के समर्थकों का आरोप है कि यह मामला पूरी तरह से द्वेषपूर्ण भावना से प्रेरित होकर दर्ज कराया गया था, जबकि विपक्षी पक्ष ने घटना को लेकर अलग-अलग आरोप लगाए थे। इसी काउंटर केस में आज सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जय किशोर सिंह को जमानत दे दी।
जमानत मिलने की खबर के बाद उनके समर्थकों और एसोसिएशन के सदस्यों में खुशी का माहौल है। वहीं, इस मामले को लेकर आगे भी कानूनी प्रक्रिया जारी रहने की संभावना जताई जा रही है।
जय किशोर सिंह ने कहा कि उनके ऊपर जो भी मुकदमे दायर किए गए थे, वह झूठे थे, इसलिए उन्हें न्यायालय से जमानत मिली है। वहीं उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन पर हुए लाठीचार्ज के मामले में अब तक विपक्षी पक्ष के किसी भी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हुई है और बर्मा माइन्स थाना पर पैसे लेने का भी आरोप लगाया।

