*पुलिस महकमे में हड़कंप, एसीबी की कार्रवाई से सख्त संदेश*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चाईबासा
पश्चिमी सिंहभूम के बंदगांव थाना में एसीबी जमशेदपुर की कार्रवाई ने पुलिस महकमे में हलचल बढ़ा दी है। थाना प्रभारी मनीष कुमार को कथित तौर पर 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम उन्हें पूछताछ के लिए जमशेदपुर ले गई।
जानकारी के अनुसार, बंदगांव थाना क्षेत्र के कारिका निवासी बिजराय मुंडू ने एसीबी के पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बंदगांव थाना कांड संख्या 07/2025, एनडीपीएस एक्ट के मामले में उनके बड़े भाई लाचुंग मुंडू उर्फ गुजू का नाम हटाने के एवज में थाना प्रभारी ने 20 हजार रुपये की मांग की थी।
शिकायत के बाद एसीबी ने आरोपों का गोपनीय सत्यापन कराया। रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद ट्रैप की कार्रवाई की गई। गुरुवार को शिकायतकर्ता द्वारा 15 हजार रुपये दिए जाने के बाद एसीबी टीम ने थाना प्रभारी को मौके पर ही पकड़ लिया। उनके पास से रिश्वत की राशि बरामद होने की बात कही गई है।
यह कार्रवाई उन पुलिसकर्मियों के लिए भी कड़ा संदेश मानी जा रही है, जो पद और वर्दी की ताकत का इस्तेमाल अवैध वसूली के लिए करने की कोशिश करते हैं। हालांकि अंतिम दोष सिद्धि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
पश्चिमी सिंहभूम के एसपी ने कहा कि मामले की सूचना मिली है और जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि एसीबी कार्रवाई में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।

