दलमा में बादल का प्यार भरा देखभाल,प्रति दिन दिया जा रहा 15 लीटर दूध
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी में तीन माह का नन्हा हाथी बादल अब पूरी सुरक्षा और प्यार के बीच पनप रहा है। उसके सही विकास और सेहत के लिए प्रतिदिन लगभग 15 लीटर दूध, सेरेलेक्स और इलेक्ट्रॉल (ओआरएस) का खास घोल पिलाया जा रहा है। ठंड से बचाने के लिए उसे कंबल ओढ़ाया गया है और रात को नरम पुआल पर आराम करने दिया जाता है। साथ ही उसे गर्म पानी और ताजे फल भी मिलते हैं। सेंचुरी के रवि सिंह सरदार और टीम पूरी सतर्कता से उसकी सेवा में लगे हैं। हर कदम पर ध्यान रखा जा रहा है ताकि बादल इंफेक्शन और किसी भी परेशानी से सुरक्षित रहे। मालूम हो कि चाईबासा के हाटगम्हरिया जंगल में गड्ढे से रेस्क्यू किए गए बादल को अब सेंचुरी में नई जिंदगी मिली है। पालतू हथिनी रजनी, जिसे 16 साल पहले गड्ढे से बचाया गया था, नन्हे मेहमान का स्वागत करती दिख रही है। दोनों की पहली मुलाकात ने सेंचुरी में खुशी और उत्साह का माहौल बना दिया। रजनी की कोमल निगाहें और बादल की खिलखिलाती मासूमियत देखने लायक है, और यह पल प्रकृति प्रेमियों के लिए सच्चा उत्सव बन गया है।


