झारखंड विधानसभा स्थापना दिवस पर बाबूलाल मरांडी का सरकार पर हमला
स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून-व्यवस्था में सुधार को बताया विकास की अनिवार्य शर्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची में झारखंड विधानसभा का 25वां स्थापना दिवस शनिवार को मनाया गया, जिसमें राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
समारोह में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सबसे मुखर दिखाई दिए। उन्होंने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को “बेहद चिंताजनक” बताते हुए कहा कि “झारखंड का विकास तभी संभव है जब यहां की स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार हो और लोगों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले।”
मरांडी ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि “यदि पुलिस-व्यवस्था ठीक नहीं रही तो लोग भय के साए में रहेंगे और कोई भी उद्योगपति या व्यापारी राज्य में निवेश नहीं करेगा। ऐसे में विकास सिर्फ कागजों पर रह जाएगा।”
उन्होंने इसे सभी जनप्रतिनिधियों की साझा जिम्मेदारी बताते हुए सरकार से तत्काल और ठोस कदम उठाने की मांग की।

