रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत 17 फरवरी की शाम करीब 6 बजे एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल पैदा कर दिया। जानकारी के अनुसार, ड्रग पेडलर के नाम से चर्चित कादिम खान और डॉली परवीन के बेटे अमन खान उर्फ लड्डू ने अपने ही घर में किराए पर रहने वाली एक महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि घटना के समय महिला घर पर अकेली थी। इसी दौरान आरोपी ने मौके का फायदा उठाते हुए जबरन घर में प्रवेश किया और महिला के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। महिला द्वारा साहस दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाने पर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमन खान उर्फ लड्डू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि इस घटना में एक अन्य व्यक्ति की भी संभावित संलिप्तता हो सकती है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उल्लेखनीय है कि आरोपी के माता-पिता पहले से ही जेल में बंद बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है और वे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

