रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित जवाहर नगर रोड नंबर 13 ए में पैसों के लेनदेन को लेकर बुधवार देर रात मारपीट की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार ओसामा उर्फ लादेन ने अपने परिचित फैजल राजू को करीब 20 हजार रुपये उधार दिए थे। आरोप है कि रकम लौटाने के लिए बार-बार कहने पर फैजल पहले आर्थिक तंगी का हवाला देता रहा, लेकिन बाद में पैसे मांगने पर गाली-गलौज करने लगा। बुधवार को दोबारा पैसे की मांग करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई, जिसमें ओसामा घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस ने मामले की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में नियमित गश्ती बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

