जमशेदपुर के गोलमुरी में धर्मांतरण की कोशिश, पुलिस ने की कार्रवाई
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। गोलमुरी प्लॉट जीएफ-1 में धर्मांतरण करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक समुदाय से जुड़े 50 से अधिक लोग दो प्लॉट में इकट्ठा थे और आस-पास के लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए उकसा रहे थे।

सूत्रों के अनुसार, वहां प्रेयर मीटिंग की जा रही थी और आसपास के इलाकों से महिलाओं को बुलाकर एक धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। स्थानीय लोगों ने जब इस गतिविधि को देखा तो उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने इसकी सूचना गोलमुरी पुलिस को दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वहां मौजूद लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है बताया जाता है कि सभी चाईबासा, राजखरसावां, ओडिशा और बंगाल के समुदाय विशेष के लोग जुटे थे. पूछताछ के दौरान बताया गया कि वे लोग एक समुदाय के विशेष कार्यक्रम में शामिल होने आए थे. उन लोगों को अलग-अलग जगह से बुलाया गया है. कार्यक्रम का आयोजन रविवार को गोविंदपुर क्षेत्र में होना है लेकिन आयोजक कौन है इसके बारे में उन लोगों को कोई जानकारी नहीं है. स्थानीय लोगों ने धर्मांतरण की आशंका जताई है. हालांकि पुलिस मामले में कुछ भी बोलने से बचती रही. पुलिस धर्मांतरण की सूचना की पुष्टि करने का प्रयास कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, पश्चिम सिंहभूम, राजखरसावां, और जमशेदपुर के सोनारी समेत कई इलाकों से महिलाओं को इकट्ठा कर रविवार को एक बड़ी प्रार्थना सभा करने की तैयारी थी। इसमें लोगों से धर्म परिवर्तन कराने की योजना थी, लेकिन लोगों की सूचना पर पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर लिया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।

