महिला उत्पीड़न का मामला दर्ज होते ही यूसील प्रबंधन और क्षेत्र में छाया सन्नाटा
राष्ट्र संवाद संवाददाता,
जादूगोड़ा यूसीएल जादूगोड़ा की एक महिला अधिकारी द्वारा सीएमडी डॉ. संतोष कुमार सतपति पर महिला उत्पीड़न का मामला जादूगोड़ा थाना में दर्ज कराए जाने के बाद पूरे यूसील परिसर और आसपास के क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है। मामला दर्ज होते ही यूसील का कार्य वातावरण तनावपूर्ण हो गया है, और अधिकारी व कर्मचारी पूरी तरह से चुप्पी साधे हुए हैं।

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों उक्त महिला अधिकारी ने डॉ. सतपति पर कई गंभीर आरोप लगाए थे, जिनकी शिकायत अब औपचारिक रूप से दर्ज कर दी गई है। मामला कांड संख्या 43/2025 के तहत दर्ज हुआ है और इसे घाटशिला कोर्ट भेज दिया गया है।

इस गंभीर प्रकरण के बाद यूसील की गतिविधियां लगभग ठप हैं, अधिकारी आपस में बात करने से भी बच रहे हैं। वहीं, जादूगोड़ा पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है और हर पहलू पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

बताया जा रहा है कि सीएमडी डॉ. सतपति खुद भी डरे और सहमे नजर आ रहे हैं तथा किसी से मिल-जुल नहीं रहे हैं। यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब अगस्त माह में डॉ. सतपति का यूसील से विदाई तय है, और नए सीएमडी की नियुक्ति भी हो चुकी है।

स्थानीय लोग और संस्थान से जुड़े कर्मी अब नए नेतृत्व से पारदर्शिता और संस्थागत गरिमा की पुनर्बहाली की उम्मीद कर रहे हैं।
यह प्रकरण अब केंद्र सरकार की प्रतिष्ठित संस्था यूसील के लिए एक गंभीर प्रतिष्ठा का विषय बन गया है, जिसकी चर्चा राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुकी है।


