घाघरा में हथियारबंद डकैतों का आतंक, परिवार को बंधक बनाकर 3.20 लाख की लूट
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गिरिडीह जिला के बगोदर थाना क्षेत्र के घाघरा गांव में देर रात हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में घुसकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। अपराधियों ने गृहस्वामी समेत परिवार के सभी सदस्यों को हथियार का भय दिखाकर बंधक बना लिया और घर में रखे करीब 1 लाख 20 हजार रुपये नकद तथा लगभग दो लाख रुपये मूल्य के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
बताया जाता है कि देर रात करीब चार की संख्या में अज्ञात अपराधी घाघरा गांव निवासी त्रिभुवन भुइया के घर पहुंचे। सभी अपराधियों ने अपने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। घर में प्रवेश करने के बाद अपराधियों ने एक-एक कर परिवार के सदस्यों को नींद से जगाया। इसके बाद हथियार का भय दिखाकर सभी के हाथ गमछे से बांध दिए और उन्हें बंधक बना लिया।
परिवार के सदस्यों के बंधक बनने के बाद अपराधियों ने पूरे घर को खंगाला। इस दौरान घर में रखा कमेटी का करीब 1 लाख 20 हजार रुपये नकद और लगभग दो लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण अपराधियों ने अपने कब्जे में ले लिए। लूटपाट के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद परिवार के सदस्यों ने किसी तरह खुद को मुक्त कराया और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। लूट की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद बगोदर-सरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय कुमार राम, सरिया इंस्पेक्टर तथा बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली तथा अपराधियों के आने-जाने के रास्ते और घटना से जुड़े अन्य बिंदुओं की जांच की। पुलिस द्वारा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन शुरू कर दी गई है।
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह भी घाघरा गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली। मौके पर उप प्रमुख हरेंद्र कुमार सिंह और मुखिया प्रतिनिधि लक्ष्मण महतो समेत अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे।
हथियार के बल पर परिवार को बंधक बनाकर की गई लूट की घटना से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। वहीं घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

