पुरी में 8–9 नवंबर को होगी राष्ट्रीय कन्नौजिया सोनार महापरिवार की अहम बैठक, समाज हित में लिए जाएंगे कई बड़े फैसले
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। राष्ट्रीय कन्नौजिया सोनार महापरिवार की दो दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक 8 और 9 नवंबर को ओडिशा के पुरी में आयोजित की जाएगी। बैठक का आयोजन और नेतृत्व ओडिशा प्रदेश इकाई द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम में देशभर के सभी प्रांतों के प्रतिनिधि एवं राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान स्वर्णकार/सोनार समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।
जानकारी केंद्रीय महासचिव किशोर कुमार वर्मा ने बयान जारी कर दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कन्नौजिया सोनार महापरिवार एक जातिगत सामाजिक संस्था है, जो सोनार समुदाय सहित अन्य समाजों के हित में लगातार कार्य करती रही है। बैठक में सोनार समाज के पारंपरिक रोजगार से जुड़ी बढ़ती चुनौतियों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही, सोनारों की सामाजिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार से समुदाय को एनेक्सचर-1 में शामिल करने की मांग पर भी निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में कानून की धारा 411 और 412 में संशोधन कर सोना-चांदी व्यवसायियों को राहत देने, मध्य प्रदेश की तर्ज पर सभी राज्यों में स्वर्णकला बोर्ड या स्वर्ण आयोग गठन करने जैसे प्रस्तावों पर विचार होगा। इसके अलावा सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों, बड़े ब्रांडों और रेडीमेड ज्वेलरी के कारण कारीगरों के रोजगार पर पड़ रहे प्रभाव पर भी चर्चा की जाएगी।
संगठन सोना-चांदी व्यापारियों और दुकानदारों को बैंक लोन उपलब्ध कराने, गोल्ड कंट्रोल के समय की तरह सोनार समुदाय को सरकारी नौकरियों एवं अन्य सुविधाओं में 5% आरक्षण देने की मांग भी रखेगा। वहीं सोनार कारीगरों को न्यूनतम वेतन दिलाने तथा राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर पर स्वर्णकला बोर्ड की स्थापना को भी एजेंडा में शामिल किया गया है।
सामाजिक सुधारों के तहत सामाजिक आयोजनों में आडंबर कम करने, शिक्षा एवं स्वास्थ्य कोष बनाने और समुदाय को अंधविश्वास से बचाने जैसे प्रस्तावों पर भी विचार किया जाएगा। बैठक में 2025 के लिए संगठन की कार्ययोजना को भी अंतिम रूप दिया जाएगा।

