आदित्यनाथ ने विधान भवन में नवनिर्मित समिति कक्ष का उद्घाटन किया, नेता प्रतिपक्ष को दी शुभकामनाएं
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को विधानमंडल का मानसून सत्र प्रारंभ होने से पहले विधान भवन स्थित नवनिर्मित समिति कक्ष का उद्घाटन किया।
योगी आदित्यनाथ ने पुष्पगुच्छ देकर नव नियुक्त नेता प्रतिपक्ष व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
विधानसभा के मॉनसून सत्र की कार्यवाही शुरू होने से एक दिन पूर्व, रविवार को समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को भेजे एक पत्र में माता प्रसाद पांडेय (82) को नेता प्रतिपक्ष बनाये जाने का अनुरोध किया था।
विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे ने 28 जुलाई को ही माता प्रसाद पांडेय को नेता प्रतिपक्ष बनाये जाने की अधिसूचना जारी कर दी थी।
यह पद सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सांसद चुने जाने के बाद विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने की वजह से रिक्त हुआ था।
योगी आदित्यनाथ ने विश्वास जताया कि मानसून सत्र के कुशल संचालन में विपक्ष भी बहुमूल्य योगदान देगा। मानसून सत्र प्रारंभ होने के पहले योगी ने ‘उत्तर प्रदेश विधानसभा में अध्यक्ष सतीश महाना के दो वर्ष’ स्मारिका का विमोचन भी किया।
इन कार्यक्रमों के दौरान विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, विधान परिषद के सभापति मानवेंद्र सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, मयंकेश्वर शरण सिंह, कांग्रेस विधायक अनुराधा मिश्रा ‘मोना’, सपा विधायक ओमप्रकाश सिंह, संग्राम सिंह यादव आदि मौजूद थे।