सोना देवी विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग द्वारा 25 अप्रैल को आयोजित किया जायेगा-एक दिवसीय ऑनलाईन व्याख्यानमाला
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सोना देवी विश्वविद्यालय घाटशिला के संस्कृत विभाग द्वारा 25 अप्रैल को अपराह्न तीन बजे से एक दिवसीय ऑनलाईन व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया है। भारतीय ज्ञान परम्परा और वेदों में निहित श्रेष्ठतम जीवन मूल्य विषय पर आयोजित इस व्याख्यानमाला में डॉ शैलेश कुमार मिश्र मुख्य वक्ता होंगे। सम्प्रति डॉ शैलेश कुमार राजकीय संस्कृत कॉलेज रांची विनोबा भावे विश्वविद्यालय रांची में सहायक प्राध्यापक हैं। दिल्ली संस्कृत अकादमी तथा भण्डारकर ओरिएण्टल रिसर्च इंस्टीट्यूट पुणे द्वारा पुरस्कृत डॉ शैलेश ने बीस राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों में शोध पत्र वाचन किया है तथा इनके पच्चीस शोधपत्र प्रकाशित हैं। डॉ शैलेश स्नात्कोत्तर स्तर पर संस्कृत एवं हिन्दी विषय में लब्ध स्वर्णपदक प्राप्त हैं। ये दो दशकों से संस्कृत भाषा साहित्य का अध्यापन कर रहे हैं। संस्कृत और हिन्दी भाषा में इनकी कई पुस्तकें प्रकाशित हैं। इन्होंने कई ग्रंथों का संपादन भी किया है। इस व्याख्यानमाला में शामिल होने के लिए इच्छुक व्यक्ति https://forms.gle/nngBHuM2DWqCMbgm6 पर जाकर निशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं। यह जानकारी सोना देवी विश्वविद्यालय के संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ सैकत चक्रवर्ती ने दी। इस व्याख्यानमाला की संयोजिका असिस्टेंट प्रोफ़ेसर कुमारी निकिता हैं।