गोला बस्ती के स्क्रैप टाल में भीषण आग, पांच लाख से अधिक का नुकसान
दमकल की तत्परता से टली बड़ी दुर्घटना, विधायक प्रतिनिधि नीरज सिंह पहुंचे मौके पर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के गोला बस्ती स्थित एक स्क्रैप टाल में देर रात भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची छह दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आशंका जताई जा रही है कि आग पटाखे की चिंगारी से लगी। स्क्रैप टाल में आग लगने से पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान बताया जा रहा है। गनीमत रही कि समय रहते दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंच गईं, अन्यथा पास की घनी बस्ती तक आग फैल सकती थी।
घटना की जानकारी मिलते ही पश्चिम विधानसभा के विधायक सरयू राय के प्रतिनिधि नीरज सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि स्थानीय कार्यकर्ताओं से सूचना मिलने के बाद विधायक सरयू राय को अवगत कराया गया और तत्परता से दमकल विभाग को मौके पर भेजा गया।
स्क्रैप टाल के मालिक सुरेंद्र गुप्ता ने बताया कि “रात करीब 1:30 बजे हम लोग पूजा करके घर लौटे थे। कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने फोन कर सूचना दी कि टाल में आग लग गई है। आग से पांच लाख से अधिक का नुकसान हुआ है।”
दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया है और घटनास्थल की जांच जारी है।

