साकची में दिनदहाड़े सिलेंडर की लूट, सीसीटीवी में कैद हुई बदमाशों की वारदात
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के पूर्वी सिंहभूम जिले के साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत कालीमाटी रोड पर मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार बदमाशों ने सरेआम दिनदहाड़े एक खड़ी गाड़ी से भरा हुआ कॉमर्शियल गैस सिलेंडर चोरी कर लिया। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें बदमाशों की हरकतें साफ तौर पर देखी जा सकती हैं। जानकारी के अनुसार, कालीमाटी रोड स्थित एक ग्राहक को गैस सिलेंडर की आपूर्ति करने के लिए ऑटो चालक ने सड़क किनारे ऑटो खड़ा किया था और सिलेंडर उतारने के लिए कर्मचारी अंदर चला गया। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक मौके पर पहुंचे, कुछ देर तक इधर-उधर नजरें दौड़ाईं और मौका पाते ही ऑटो में रखे भरे हुए कॉमर्शियल गैस सिलेंडर को उठाकर फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाश मौके से निकल चुके थे। चोरी किया गया सिलेंडर पूरी तरह भरा हुआ था,
जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका भी जताई जा रही है। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने साकची थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और बाइक सवार बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके के व्यापारियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

