अहमदाबाद. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे में भारत ने वेस्टइंडीज को 44 रनों से हरा दिया. भारत ने पहले खेलने के बाद 50 ओवर में 9 विकेट पर 237 रन बनाए थे. जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 46 ओवरों में 193 रनों पर ढेर हो गई. इसके साथ ही टीम इंडिया ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली. भारत के लिए लंबे कद के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने कमाल की गेंदबाजी की. उन्होंने 9 ओवर में तीन मेडन के साथ सिर्फ 12 रन देकर चार विकेट झटके.टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही. कप्तान रोहित शर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत आज ओपनिंग करने आए. लेकिन दोनों फ्लॉप रहे. रोहित आठ गेंदों में पांच रन बना सके. वहीं पंत ने 34 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 18 रन बनाए. इसके अलावा विराट कोहली 30 गेंदों में 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे.
43 रनों पर तीन विकेट गिरने के बाद केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव ने भारत की पारी को संभाला. दोनों ने चौथे विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी की. राहुल ने 48 गेंदों में 49 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से चार चौके और दो छक्के निकले. वहीं सूर्यकुमार ने 83 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 64 रन बनाए.
इसके बाद वाशिंगटन सुंदर ने 41 गेंदों में 24 और दीपक हूडा 25 गेंदों में दो चौकों की मदद से 29 रनों की पारी खेली. वहीं शार्दुल ठाकुर ने आठ और मोहम्मद सिराज ने तीन रन बनाए. अंत में युजवेंद्र चहल 11 और प्रसिद्ध कृष्णा शून्य पर नाबाद लौटे. टीम इंडिया ने 50 ओवरों में 9 विकेट पर 237 रन बनाए.

