आज दिनांक 12 जनवरी 2022 को उप विकास आयुक्त श्री अनिलसन लकड़ा की अध्यक्षता में गणतंत्र दिवस 2022 समारोह के आयोजन हेतु तैयारियों को लेकर समाहरणालय सभाकक्ष में बैठक आहूत की गई।
बैठक में झंडोतोलन, प्रभात फेरी, झांकी, गांधी मैदान, समाहरणालय एवं नगर सफाई, झण्डोतोलन स्थल की रंगाई एवं पोताई, पैरेड का पूर्वाभ्यास, गांधी मैदान की व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेडिकल व्यवस्था, स्वतंत्रता सेनानी का सम्मान, निमंत्रण कार्ड आदि अन्य व्यवस्थाओं पर बिंदुवार विचार विमर्श किया गया।
कोविड संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए गणतंत्र दिवस समारोह 2022 कोविड प्रोटोकॉल के तहत सादे तरीके से मनाया जाएगा। इस दौरान न तो सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, ना ही किसी प्रकार की खेलकूद क गतिविधि होगी। उक्त बातें उप विकास आयुक्त श्री अनिलसन लकड़ा ने अधिकारियों से कही।
बैठक में सर्वसम्मति से झण्डोतोलन का समय निर्धारित किया गया जो इस प्रकार है :-
● गांधी मैदान :- प्रातः 09:00 बजे
● समाहरणालय :- प्रातः 10:10 बजे
● पुलिस अधीक्षक कार्यालय :- प्रातः 10:20 बजे
● जिला परिषद :- प्रातः 10:30 बजे
● उपायुक्त न्यायालय :- प्रातः 10:55 बजे
● अनुमंडल कार्यालय :- प्रातः 11:00 बजे
● एस0डी0पी0ओ0 कार्यालय :- प्रातः 11:05 बजे
● साईबर थाना कार्यालय:- प्रातः 11:10
● वन प्रमंडल कार्यालय:- प्रातः 11:20
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि प्रभात फेरी में तीन टीमें होगी। पहली टीम रेलवे लाईन के उत्तर एवं दक्षिण एवं दूसरी टीम जामताड़ा बाजार के उत्तरी ओर प्रभात फेरी 26 जनवरी को प्रातः 07 बजे से आरंभ की जाएगी। जबकि प्रभात फेरी, पैरेड, झांकी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर अंतिम निर्णय विभागीय दिशा-निर्देश के आलोक में अगली बैठक में निर्धारित की जाएगी।
*बिना मास्क नहीं मिलेगा प्रवेश, शारीरिक दूरी का पालन करना होगा अनिवार्य*
उप विकास आयुक्त श्री अनिलसन लकड़ा ने कहा कि कोविड महामारी के मद्देनजर पैरैड रिहर्सल से लेकर सभी कार्यक्रमो के दौरान मास्क पहनना एवं शारीरिक दूरी का पालन करना अनिवार्य होगा। इसके लिए उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 26 जनवरी को गांधी मैदान परिसर में प्रवेश करने वालों को मास्क पहनना अनिवार्य होगा वहीं मैदान में शारीरिक दूरी बनाए रखना होगा।
वहीं गांधी मैदान, जामताड़ा, नगर सफाई करने का निदेश कार्यपालक पदाधिकारी नगर निकाय जामताड़ा को दिया तथा समाहरणालय की साफ-सफाई करने हेतु कार्यपालक पदाधिकारी एवं वन प्रमंडल को दिया। वहीं जिला खनन पदाधिकारी को गांधी मैदान में बने गड्ढे भरने का निदेश दिया गया।
*भवन प्रमंडल विभाग करेंगें रंगाई पोताई*
भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को झण्डोतोलन स्थल यथा मुख्य कार्यक्रम स्थल गांधी मैदान, समाहरणालय, पुलिस अधीक्षक का कार्यालय एवं अनुमंडल कार्यालय सहित अन्य के ध्वज दण्डों एवं चबूतरो की रंगाई एवं पोताई करने का निर्देश दिया।
बैठक में निदेश दिया गया कि गांधी मैदान के पूरे कार्यक्रम में पुरूष एवं महिलाओं के बैठने के लिए वाटरप्रूफ सामियाना की व्यवस्था, आगंतुकों के बैठने के लिए 350 वीआईपी कुर्सियों की भी व्यवस्था जिला नजारत शाखा करेंगे।
मंच पर वरीय पदाधिकारियों/ अतिथियों के बैठने के स्थान को चिन्हित करने एवं आवश्यक व्यवस्था करने का कार्य जिला जनसंपर्क कार्यालय जामताड़ा द्वारा किया जाएगा।
जिला नाजिर ध्वज की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे, राष्ट्रीय झंडा को नियमानुसार सम्मान से बंधने के लिए परिचारी प्रवर्ग जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। वहीं माईक, वीडियो ग्राफर तथा कैमरा की व्यवस्था जिला जनसंपर्क पदाधिकारी करेंगे।
परेड के निरीक्षण हेतु जिप्सी की व्यवस्था समादेष्टा आईआरबी झुलुआ द्वारा कराई जाएगी। पुलिस उपाधीक्षक जामताड़ा एवं परिचारी प्रवर अपनी देखरेख में इसे परेड के निरीक्षण हेतु सुसज्जित करेंगे।
गांधी मैदान में एक मेडिकल टीम पुरुष एवं महिला चिकित्सक के साथ की प्रतिनियुक्ति असैनिक शल्य चिकित्सक मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी करेंगे। मुख्य कार्यक्रम स्थल गांधी मैदान में पीने के पानी की व्यवस्था कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत जामताड़ा द्वारा की जाएगी। वहीं गांधी मैदान में अग्निशामक गाड़ी की व्यवस्था जिला अग्निशमन पदाधिकारी जामताड़ा करेंगे।
गांधी मैदान, समाहरणालय एवं अन्य निर्धारित स्थलों पर राष्ट्रीय गान प्रस्तुत किया जाएगा। जिसके लिए आवश्यक सामग्रियों की व्यवस्था एवं राष्ट्रीय गान हेतु टीम का चयन अनुमंडल पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी जामताड़ा के द्वारा किया जाएगा।
स्वतंत्रता सेनानी के परिवारों को एक दिन पूर्व उनके घर जाकर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिया गया।
वहीँ आवश्यक व्यवस्था करने हेतु नजारत उप समाहर्ता को निर्देश दिया, साथ ही कार्यक्रम के आमंत्रण हेतु पर्याप्त संख्या में कार्ड छपवाने एवं इसका वितरण सुनिश्चित करने हेतु नजारत उप समाहर्ता को निर्देश दिया तथा यह सुनिश्चित करने हेतु कहा गया कि आमंत्रित महानुभावों को निर्धारित स्थान पर बैठने में कोई कठिनाई ना हो।
*26 जनवरी को शराब व मांस मछली की बिक्री रहेगा बंद*
उत्पाद अधीक्षक जामताड़ा को 26 जनवरी 2022 के दिन शराब की आपूर्ति बंद रखने की व्यवस्था करने हेतु निर्देश दिया गया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी कसाई खाने/ मांस मछली की बिक्री दुकानें बंद रहेगी। कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत जामताड़ा एवं मिहिजाम इसका अनुपालन करेंगे। वहीं थाना प्रभारी जामताड़ा एवं मिहिजाम को अपने-अपने क्षेत्र में शराब की आपूर्ति बंद रखने एवं मांस मछली की बिक्री की दुकानों को बंद रखने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया।
*इनकी रही उपस्थिती*
इस मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री बंकर अज्यिंक देवीदास, अपर समाहर्ता श्री सुरेन्द्र कुमार, निदेशक डीआरडीए श्री जावेद अनवर इदरीसी, अनुमंडल पदाधिकारी श्री संजय पाण्डेय, असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डाॅ एस के मिश्र, जिला परिवहन पदाधिकारी सह जिला भू अर्जन पदाधिकारी श्री अजय तिर्की, जिला कृषि पदाधिकारी श्री सबन गुड़िया, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री अभयशंकर, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी श्री पंकज कुमार तिवारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री आनंद ज्योति मिंज, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल श्री राहुल प्रियदर्शी , कार्यपालक पदाधिकारी नगर निकाय जामताड़ा श्री कामदेव दास, प्राचार्य जेबीसी प्लस टू विद्यालय, प्राचार्य केंद्रीय विद्यालय जामताड़ा, प्राचार्य आवासीय विद्यालय, कस्तूरबा गांधी विद्यालय दुलाडीह, प्राचार्य सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल एवं डीएन एकेडमी सहित अन्य सम्बन्धित उपस्थित थे।