सोनीपत. हरियाणा के सोनीपत के सिटी थाना क्षेत्र में गोहाना रोड पर 3 कॉलोनियों में दो दिन में 20 से 25 लोगों की संदिग्ध हालत में मौत हो गई. इनमें से ज्यादातर के जहरीली शराब पीने से मरने की आशंका है. मृतकों ने कॉलोनी में सप्लाई होने वाली नकली शराब का सेवन किया था.
बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति इंडियन कॉलोनी में शराब बनाकर सस्ते में सप्लाई करता है. श्मशान स्थल पर एकाएक ज्यादा शव आने पर लोगों को शंका हुई, तो इस मामले में पूछताछ शुरू हुई. पुलिस ने भी जहरीली शराब से 20 लोगों के मरने की बात कही है.
इस पूरे मामले में सोनीपत के डीएसपीविरेंद्र राव ने मीडिया को बताया कि हमारे पास शराब पीने से 20 लोगों की मौत की सूचना आई है. हमारी सभी टीमें लगातार उस एरिया में दबिश दे रही हैं ताकि अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाई जा सके. जिन जिन लोगों की मौतें हुई हैं. सोनीपत सिटी थाना पुलिस उनकी पहचान कर रही है. जो भी दोषी होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा.
ज्यादातर मृतकों ने शराब का सेवन किया था. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिए जाने और पोस्टमार्टम न होने से जांच में कठिनाई हो रही है. हालांकि 8 मृतकों के परिजनों ने शराब पीने के बाद हालत बिगडऩे और मौत होने की पुष्टि की है.

