शारजाह. कप्तान लोकेश राहुल (नाबाद 61) और यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल रॉयल (53) के शानदार अर्धशतकों से आसान जीत की तरफ बढ़ रही किंग्स इलेवन पंजाब ने अंतिम ओवरों में लड़खड़ाहट दिखाई लेकिन आखिरी गेंद पर निकोलस पूरन के छक्के से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को आठ विकेट से हराकर आईपीएल-13 में गुरूवार को दूसरी जीत हासिल कर अपनी उम्मीदों को कायम रखा.
पंजाब का सात मैचों के बाद गेल को शारजाह के छोटे मैदान में उतारने का फैसला काम कर गया जबकि विराट अपने धाकड़ बल्लेबाज एबी डिविलियर्स को देर से उतारना भारी पड़ गया. मैच में यही सबसे बड़ा अंतर रहा. बेंगलुरु ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 171 रन बनाये. पंजाब ने राहुल और गेल के अर्धशतकों से 20ओवर में दो विकेट पर 177 रन बनाकर जीत हासिल कर ली. पंजाब की आठ मैचों में यह दूसरी जीत है और उसके चार अंक हो गए हैं. बेंगलुरु को आठ मैचों में तीसरी हार का सामना करना पड़ा है लेकिन उसके खाते में 10 अंक हैं.
मैन आफ द मैच केएल राहुल को घोषित किया गया. पंजाब लगातार 5 हार के बाद मैच जीती है. टीम 8 में से 2 मैच जीतकर अब भी पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे है. पंजाब ने दोनों मैच आरसीबी के खिलाफ ही जीते हैं. पिछले मुकाबले में पंजाब ने बेंगलुरु को 97 रन से हराया था. यह इस सीजन में अब तक की सबसे बड़ी जीत है. शारजाह में बेंगलुरु ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए सीजन का सबसे छोटा 172 रन का टारगेट दिया. इसके जवाब में पंजाब ने 2 विकेट गंवाकर 177 रन बनाते हुए मैच जीत लिया. इससे पहले शारजाह में सीजन के 23वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 185 रन का टारगेट दिया था.
गेल ने सीजन के पहले मैच में फिफ्टी लगाई : लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत शानदार रही. टीम के लिए कप्तान लोकेश राहुल ने 61, क्रिस गेल ने 53 और मयंक अग्रवाल ने 45 रन की पारी खेली. गेल का सीजन में यह पहला मैच रहा. अकेला विकेट बेंगलुरु के स्पिनर युजवेंद्र चहल ने लिया. उन्होंने मयंक को बोल्ड किया. चहल ने टी-20 में मयंक को चौथी बार पवेलियन भेजा. मयंक और राहुल के बीच 48 बॉल पर 78 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप हुई.
आरसीबी ने 6 विकेट गंवाकर 171 रन बनाए. ओपनर देवदत्त पडिक्कल (18) और एरॉन फिंच (20) ने टीम को तेज शुरुआत दी थी, लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाज इसे बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके. बेंगलुरु के कप्तान विराट कोहली ने 39 बॉल पर सबसे ज्यादा 48 रन की पारी खेली. उनके अलावा क्रिस मॉरिस ने 25 और शिवम दुबे ने 23 रन बनाए. पंजाब के लिए मोहम्मद शमी और मुरुगन अश्विन ने 2-2 विकेट लिए.
कोहली का आरसीबी के लिए 200वां मैच
विराट कोहली का यह आरसीबी के लिए 200वां मैच था. उन्होंने टीम के लिए आईपीएल में 185 और चैम्पियंस लीग में 15 टी-20 खेले हैं. कोहली ने आईपीएल में 185 मैच में सबसे ज्यादा 5716 रन बनाए हैं.
आईपीएल में 8वीं बार कोहली-डिविलियर्स एक ओवर में आउट
मोहम्मद शमी ने एक ओवर में दो विकेट लिए. उन्होंने डिविलियर्स (2) को दीपक हूडा और कोहली को लोकेश राहुल के हाथों कैच आउट कराया. आईपीएल में 8वीं बार कोहली-डिविलियर्स एक ओवर में आउट हुए हैं. सबसे पहले इन दोनों को 2012 में जैक कैलिस ने एक साथ पवेलियन भेजा था.
डिविलियर्स लीग में चौथी बार 6 नंबर या उससे नीचे उतरे
डिविलियर्स ने आईपीएल में सिर्फ 4 बार 6वें नंबर या इससे नीचे बल्लेबाजी की है. इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर 33 रन रहा है. 2012 में बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए डिविलियर्स ने पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 33 रन बनाए थे. चारों मैच में उन्होंने कुल 51 (33, 10, 6, 2) रन बनाए हैं.

